ग्रेटर नोएडा – शारदाकेयर हेल्थसिटी के डॉक्टरों ने 65 वर्षीय महिला में शुरुआती स्टेज के ब्रेस्ट कैंसर, गंभीर एओर्टिक वॉल्व स्टेनोसिस और हृदय की प्रमुख धमनी (एलएडी) में 90 प्रतिशत ब्लॉकेज का एक साथ सफल ऑपरेशन कर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अपनी तरह का यह पहला मामला है, जिसमें तीनों गंभीर बीमारियों का उपचार एक ही सर्जरी के दौरान किया गया।मरीज, जो एक सेवानिवृत्त मीडिया प्रोफेशनल हैं, उनके दाहिने स्तन में गांठ मिलने पर शुरुआती चरण के ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि हुई थी। ऑपरेशन से पहले की नियमित जांच के दौरान डॉक्टरों को हृदय में असामान्य आवाज सुनाई दी। आगे की जांच में गंभीर एओर्टिक वॉल्व स्टेनोसिस और एलएडी आर्टरी में 90 प्रतिशत ब्लॉकेज का पता चला। खास बात यह रही कि मरीज को हृदय संबंधी कोई स्पष्ट लक्षण नहीं थे।इसके बाद कार्डियोलॉजी, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी, कार्डियक एनेस्थीसिया और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम ने संयुक्त उपचार की योजना बनाई। छह घंटे तक चली सर्जरी में मॉडिफाइड रेडिकल मास्टेक्टॉमी, एओर्टिक वॉल्व रिप्लेसमेंट और सिंगल ग्राफ्ट के साथ कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्टिंग सफलतापूर्वक की गई।अस्पताल के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के सीनियर डायरेक्टर एवं हेड डॉ. अखिल कुमार रुस्तगी ने बताया कि यह तकनीकी रूप से अत्यंत जटिल सर्जरी थी। समय पर की गई प्री-ऑपरेटिव जांच से हृदय की जानलेवा समस्याओं का पता चल गया, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सका। वहीं, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट एवं यूनिट हेड डॉ. हेमकांत वर्मा ने कहा कि एकीकृत उपचार रणनीति से कैंसर का समय पर इलाज संभव हुआ और मरीज को अलग-अलग बड़ी सर्जरी कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी।सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी सामान्य रही। जांच में नया एओर्टिक वॉल्व पूरी तरह सही कार्य करता मिला और मरीज को स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
