नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली की 75 अलग-अलग जगहों पर गुरुवार को 115 फीट की ऊंचाई से तिरंगा लहराया गया। इस कड़ी में तिमारपुर में ध्वजारोहण करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम आजादी का 75वां साल मना रहे हैं और उसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के 75 जगहों पर 115 फीट ऊंचाई पर तिरंगे लगाए गए हैं। हमारा मकसद है कि दिल्ली में कोई भी अपने घर से बाहर निकले तो, उसे दो-तीन बार तिरंगा जरूर दिखाई दे। जितनी बार हम तिरंगे को देखते हैं, हमारे अंदर देशभक्ति की भावना जागती है। शायद पूरी दुनिया में दिल्ली अकेला शहर है, जहां पर इतने बड़े स्तर पर 115 फीट ऊंचे राष्ट्र ध्वज लगाए जा रहे हैं। अगर ऐसा हुआ, तो गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में भी दिल्ली का नाम दर्ज होगा। सीएम ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि हमारा तिरंगा हमेशा ऊंचा व लहराता रहे और इसी तरह से हमारा देश तरक्की करता रहे।। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन और स्थानीय विधायक दिलीप पांडे समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के साथ ही, सभी विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ध्वजारोहण किया। इससे पहले, सीएम कार्यक्रम स्थल पर सुबह 11 बजे पहुंचे और सर्व प्रथम उन्हें होमगार्ड द्वारा जनरल सलामी दी गई। इसके बाद सीएम को परेड कमांडर किरण पाल के नेतृत्व में सम्मान गारद ने सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रीय सलामी दी गई और राष्ट्रगान गाया गया। केजरीवाल ने बताया कि इस दौरान सभी मानदंडों का कड़ाई से पालन किया गया। राष्ट्रीय ध्वज को रौशन रखने के लिए खम्भे पर रात के समय बिजली की निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। दिल्ली सरकार के ‘देशभक्ति बजट’ के तहत आने वाले दिनों में विभिन्न स्थानों पर 500 राष्ट्रीय ध्वज और लगाए जाएंगे।
सीएम ने कहा कि मुझे बताया गया है कि शायद पूरी दुनिया में दिल्ली अकेला शहर है, जहां पर इतने बड़े स्तर पर 115 फीट ऊंचे राष्ट्र ध्वज लगाए जा रहे हैं। हम इसकी जांच करा रहे हैं। अगर ऐसा हुआ, तो शायद गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड के अंदर भी दिल्ली का नाम दर्ज होगा कि दिल्ली अकेला शहर है, जहां इतने सारे उस देश के राष्ट्रीय ध्वज 115 फीट की ऊंचाई पर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली और देश के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। तिरंगे को उपर जाते हुए देखकर आज दिल खुश हो गया। मैं उम्मीद करता हूं कि हमारा तिरंगा हमेशा ऊंचा रहे और लहराता रहे और इसी तरह से देश आगे तरक्की करता रहे।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि देश की आजादी के 75वें साल पर सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने 2021-22 के वित्तीय वर्ष के लिए 69 हजार करोड़ रुपए का ‘देशभक्ति बजट’ पेश किया था। आजादी के 75वें साल को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग ने दिल्ली के विभिन्न 75 स्थानों पर विशाल तिरंगा लगाने का निर्णय लिया। यह तिरंगे 115 फीट की ऊंचाई पर शान से लहराएंगे। यह ‘आप’ सरकार की राष्ट्रीय ध्वज प्रोजेक्ट का पहला चरण है। इसके अलावा, दिल्ली के हर जिले में जगह-जगह 500 झंडे और लगाए जाएंगे, जिसकी लागत 104 करोड़ रुपए है। .