-कुरूक्षेत्रः मंच पर नहीं मिला स्थान…. तो खेल मंत्री संदीप नाराज!
-गीता जयंती के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे संदीप सिंह

परफैक्ट न्यूज ब्यूरो/ कुरुक्षेत्र
हरियाणा के खेल मंत्री को जब मंच पर स्थान नहीं मिला तो वह सीधे जाकर मीडिया पंडाल में लगे सोफे पर जाकर बैठ गए। पता चलते ही अधिकारियों ने उन्हें मनाया लेकिन वह मंच पर बैठने के लिए नहीं गए। हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह कुरूक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर के नजदीक सांस्कृतिक पंडाल में सांस्कृतिक समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। लेकिन आयोजक उन्हें पहचान नहीं सके। इसके चलते खेल मंत्री संदीप सिंह को मंच पर स्थान नही मिल सका। इसके चलते वह आयोजकों से नाराज हो गए और मीडिया गैलरी में सोफे पर बैठ गए।
बता दें कि इसी कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी पहुंचे थे। हालांकि पता चलने के बाद मंत्री संदीप सिंह को मनाने के लिए कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा उनके पीछे पीछे उनहें मनाने गए लेकिन संदीप सिंह नहीं माने। खेल मंत्री संदीप सिंह को मनाने के लिए उपायुक्त डॉ एसएस फुलिया भी गए लेकिन व्यवस्थाओं से नाराज खेल मंत्री संदीप सिंह वहीं पर ही बैठे रहे।
ज्ञात हो कि बीते 7 दिसंबर शनिवार की शाम को सांस्कृतिक पंडाल में गायक अभिजीत भट्टाचार्य का कार्यक्रम रखा गया था। इसमें शामिल होने के लिए खेल मंत्री संदीप सिंह को निमंत्रण भेजा गया था। खेल मंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंडाल में तो पहुंच गए। लेकिन अव्यवस्थाओं के चलते उन्हें कार्यक्रम के मंच पर स्थान नहीं दिया गया। इसके चलते वह नाराज हो गए।
मंत्री ने कहा अव्यवस्था स्वीकार नहींः
मीडिया से बातचीत में हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जब यहां मंच पर बैठने की व्यवस्था ही नहीं थी तो उन्हें न्योता क्यों दिया गया? यहां पर बाहर से कोई केंद्रीय मंत्री आता है तो उसकी नजर में इसका क्या इंप्रेशन जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम में अव्यवस्था स्वीकार नहीं है।
दीप प्रज्वलन के बाद मंच पर नहीं बैठेः
खेल मंत्री दीप प्रज्वलन के दौरान भी बड़ी मान मनोव्वल के बाद ही मंच पर गए। उसके बाद भी वह दीप प्रज्वलन के समय दूर खड़े रहे। ज्ञानानंद महाराज के बुलाने के बाद वह दूसरे लोगों के साथ खड़े तो हो गए। लेकिन मंच से उतरने के बाद खेल मंत्री संदीप सिंह को लेकर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी अलग एक कमरे में ले गए। जहां उनकी अधिकारियों के साथ काफी देर तक बातचीत चली। सूत्रों का कहना है कि वहां पर खेल मंत्री संदीप सिंह ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा सहित अन्य अधिकारियों की जमकर खिंचाई की। खास बात यह रही कि खेल मंत्री उस कमरे से वापस मंच पर नहीं आए और वहीं से कार्यक्रम छोड़कर वापस चले गए।
विवादों में रहा गीता महोत्सवः
हरियाणा के कुरूक्षेत्र में आयोजित किया गया गीता महोत्सव शुरू से ही विवादों में रहा है। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों की लापरवाही के चलते पहले भी गीता महोत्सव के दौरान अव्यवस्थाएं सामने आती रही हैं। इन्हीं अव्यवस्थाओं का खामियाजा शनिवार को खेल मंत्री संदीप सिंह को भी भुगतना पड़ा।