-बीजेपी महिला मोर्चा का प्याज और पानी पर हल्ला बोल

परफैक्ट न्यूज ब्यूरो/नई दिल्ली
देश भर में तेजी से बढ़ते प्याज के दामों ने लोगों की रसोई का बजट बढ़ा दिया है। इसके साथ ही देश भर में प्याज पर सियासी घमासान भी जोरों पर है। दूसरी ओर पीने के गंदे पानी को लेकर भी दिल्ली में सियासत तेज है। प्याज और गंदे पानी की सप्लाई के मुद्दों को लेकर चांदनी चौक महिला मोर्चा ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार के खिलाफ मार्च निकाल कर धरना-प्रदर्शन किया।
चांदनी चौक बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता चौहान के नेतृत्व में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने बल्ली मारान विधानसभा क्षेत्र, चांदनी चौक से लेकर खारी बावली में फतेहपुरी चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की मूर्ति तक मार्च निकाला। विरोध प्रदर्शन में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री संतोष गोयल, चांदनी चौक के निगम पार्षद रवि कप्तान और किसान मोर्चा के अध्यक्ष अशोक तौमर भी मौजूद रहे।
चांदनी चौक जिला बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता चौहान ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार की नाकामियों की वजह से दिल्ली के लोग महंगा प्याज और दूसरी सब्जियां खरीदने को मजबूर हैं। केजरीवाल सरकार दिल्ली वालों को साफ पानी तक मुहैया नहीं करवा पा रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है। मुख्यमंत्री मुफ्त पानी की बात तो करते हैं लेकिन लोगों के घरों तक वह पीने का साफ पानी नहीं पहुचा पा रहे।