प्रदेश भाजपा के दो पदाधिकारियों में पत्थरबाजी
मुस्तफा कुरैशी

Perfect News Team/ नई दिल्ली
दिल्ली भाजपा में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार से भी दिल्ली प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी कुछ सबक नहीं लेना चाहते। ताजा मामला चांदनी चौक जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री के बीच लेनदेन से जुड़ा है। बता दें कि लेनदेन के इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री के साथियों ने जिला के पूर्व कोषाध्यक्ष के घर पर पथराव कर दिया। जिले के पूर्व कोषाध्यक्ष ने पांच लाख रूपये देकर अपना पीछा छुड़ाया।

एक करोड़ के लेन-देन का मामला
भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि चांदनी चौक जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा ने अल्पसंख्यक मोर्चा महामंत्री मुस्तफा कुरैशी से करीब 1 करोड़ रूपये कारोबार में लगाने के नाम पर लिए थे। इसके बाद अनिल शर्मा ने मुस्तफा कुरैशी को न तो पैसे वापस किए और ना ही व्यापार में कोई लाभ दिया। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि मुस्तफा कुरैशी अपने साथियों के साथ सोमवार को अनिल शर्मा के घर पहुंच गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

देने पड़े पांच लाख
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक अनिल शर्मा को उसी समय 5 लाख रूपये देने पड़े। साथ ही बाकी रकम 19 तारीख तक देने का वादा किया है। बता दें कि अनिल शर्मा की ओर भाजपा के कुछ दूसरे पदाधिकारियों का भी करोड़ों रूपया बकाया है। ऐसे मामले धीरे-धीरे सामने आ रहे हें। फिलहाल अनिल शर्मा की पत्नी अनुराधा शर्मा भाजपा महिला मोर्चा में प्रदेश पदाधिकारी हैं। बताया यह भी जा रहा है कि अनिल शर्मा की इन्हीं हरकतों की वजह से अनुराधा शर्मा को 2017 के नगर निगम चुनावों में मिला टिकट भी कट गया था।

लंबे समय से पार्किंग बकाएदार
बता दें कि अनिल शर्मा की कई कंपनियों की ओर दिल्ली के नगर निगमों का करोड़ों रूपया बकाया है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि उन्हें पार्टी में मिले पद और सम्मान का लाभ मिल रहा है, जिसकी वजह से पार्टी के नए कार्यकर्ता उनके जाल में लगातार फंस रहे हैं। एक दर्जन से ज्यादा लोग हैं जो अब अनिल शर्मा के खिलाफ खुलकर सामने आ रहे हैं।

नोटः अगली खबर में होगी दिल्ली भाजपा नेताओं की एक और सनसनीखेज करतूत